भुवनेश्वर : अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ ने जूनियर विश्व कप दो साल में एक बार कराने और रैंकिंग प्रणाली को बेहतर और सरल बनाने का ऐलान किया है जिसमें सभी देशों को अंक हासिल करने का मौका मिल सके ।
यहां चल रहे विश्व कप के दौरान एफआइ्रएच सीईओ थियरे वील ने पत्रकारों से कहा ,‘‘ हमने एफआईएच कार्यकारी बोर्ड की कल हुई बैठक में फैसला लिया है कि जूनियर विश्व कप दो साल में एक बार कराया जाये ताकि हर पीढी के युवा को इसमें खेलने का मौका मिल सके ।
चार साल में एक बार होने पर कई खिलाड़ी इतना महत्वपूर्ण टूर्नामेंट खेलने से वंचित रह जाते हैं ।’’ यह पूछने पर कि अगला जूनियर विश्व कप कब खेला जायेगा , उन्होंने कहा ,‘‘ संभवत: 2019 में लेकिन अभी इसकी पुष्टि होनी बाकी है ।’’ पिछला जूनियर विश्व कप लखनऊ में 2016 में खेला गया था जो मेजबान भारत ने जीता था । रैंकिंग प्रणाली के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ हमें एक नयी रैकिंग प्रणाली पर काम करना होगा जो सरल हो और हर देश को इसमें अंक हासिल करने का मौका मिल सके । इससे हर टूर्नामेंट के आखिर में हम ताजा रैकिंग तुरंत बता सकेंगे ।’’
पाकिस्तान में हाकी को ढर्रे पर लाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रयास किये जा रहे है । एशियाई हाकी महासंघ के प्रमुख तैयब इकराम ने कल कहा था कि पाकिस्तान में हाकी लगभग खत्म हो चुकी है और मौजूदा हालत में सुधार आये बिना कुछ नहीं हो सकता ।
वील ने कहा ,‘‘ मैने एफआईएच बोर्ड में शामिल पाकिस्तानी सदस्य शाहबाज अहमद से इस बारे में बात की है । पाकिस्तान में हाकी खत्म नहीं हुई है । पाकिस्तान हर बड़े टूर्नामेंट में भाग ले रहा है । इकराम का कहना था कि पाकिस्तान में हाकी को फिर लोकप्रिय बनाने के लिये वहां हाकी मैच होने जरूरी है और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं ।’’


Download Android App
Download iOS App



