कमल हासन ने रजनीकांत के साथ हाथ मिलाने की मंशा दोहराई

Summary :

कमल हासन ने कहा, “मेरे मित्र रजनीकांत और मेरा एक ही विचार है कि अगर जरूरत पड़ी तो तमिलनाडु की भलाई के लिये सभी को हाथ मिलाना चाहिए और हमलोग कोई अपवाद नहीं हैं।”

मक्कल निधि मैयम के संस्थापक कमल हासन ने बुधवार को एक बार फिर ‘सुपरस्टार’ रजनीकांत से राजनीतिक रूप से हाथ मिलाने की अपनी मंशा जाहिर की, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ तमिलनाडु की भलाई के लिये जरूरत पड़ने पर किया जायेगा। इस टिप्पणी से एक दिन पहले ही दोनों अभिनेताओं ने तमिलनाडु के कल्याण को ध्यान में रखते हुए हाथ मिलाने का संकेत दिया था। 
उन्होंने कहा, “मेरे मित्र रजनीकांत और मेरा एक ही विचार है कि अगर जरूरत पड़ी तो तमिलनाडु की भलाई के लिये सभी को हाथ मिलाना चाहिए और हमलोग कोई अपवाद नहीं हैं।” हासन ने कहा,”हमारा यही रुख है, हम लोग इसके लिये गंभीर हैं… हम यहां सिर्फ राजनीति करने नहीं आये हैं बल्कि एक बेहतर तमिलनाडु बनाना चाहते हैं।”
रजनीकांत ने भी ऐसे ही विचार दोहराये। उन्होंने कहा, “अगर ऐसी स्थितियां उभरती हैं कि मुझे और कमल को तमिलनाडु की जनता के कल्याण के लिये हाथ मिलाना पड़े, तो हम निश्चित रूप से ऐसा करेंगे।” रजनीकांत ने घोषणा की कि 2021 का विधानसभा चुनाव लड़ने के लिये वह अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू करेंगे, जबकि हासन पिछले साल ही एमएनएम की स्थापना कर चुके हैं। 

Desk Team