कोविड वैक्सीन लगवाने के बाद बोले कमल हासन-अगले महीने होगा भ्रष्टाचार के खिलाफ टीकाकरण

Summary :

कमल हासन ने मंगलवार को शहर के एक अस्पताल में कोविड-19 का टीका लगवाया। उन्होंने तमिलनाडु में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा, भ्रष्टाचार के खिलाफ टीकाकरण अगले महीने होगा।

मक्कल निधि मैयम (एमएनएम) के संस्थापक कमल हासन ने मंगलवार को शहर के एक अस्पताल में कोविड-19 का टीका लगवाया। अभिनेता से नेता बने हासन ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैंने श्री रामचंद्र हॉस्पिटल में कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीका लगवाया। जो लोग सिर्फ खुद की ही नहीं, बल्कि दूसरों की भी परवाह करते हैं उन्हें टीका लगवा लेना चाहिए।’’ उन्होंने टीका लगवाने के दौरान ली गई अपनी एक तस्वीर भी शेयर की।
उन्होंने तमिलनाडु में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘ भ्रष्टाचार के खिलाफ टीकाकरण अगले महीने होगा। तैयार हो जाइए।’’ हासन भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अक्सर ही सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक पर निशाना साधते रहते हैं। उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
कोविड-19 टीकाकरण के दूसरे चरण की शुरुआत होने के एक दिन बाद हासन ने टीका लगवाया। दूसरे चरण के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है।

Desk Team