अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन से एक दिन पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार को यहां अपने आवास पर ‘हनुमान चालीसा’ का पाठ करेंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘‘कमलनाथ के आवास पर मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कमलनाथ हनुमानजी के बड़े भक्त हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा है कि वे भी मंगलवार को अपने घरों पर हनुमान चालीसा का पाठ करें।’’ कमलनाथ ने शनिवार को कहा था, ‘‘मैं अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का स्वागत करता हू। देशवासियों को इसकी बहुत दिनों से अपेक्षा और आकांक्षा थी। राम मंदिर का निर्माण हर भारतवासी की सहमति से हो रहा है। ये सिर्फ भारत में ही संभव है।’’
गुप्ता ने कहा, ‘‘हनुमान चालीसा का पाठ पूरी तरह से आध्यात्मिक आयोजन है। इसे किसी अन्य परिप्रेक्ष्य में नहीं देखा जाना चाहिए।’’ गुप्ता ने कहा कि जब कमलनाथ सांसद थे, तब उन्होंने कुछ साल पहले छिंदवाड़ा जिले में 101 फुट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित कराई थी।


Download Android App
Download iOS App



