प्रियंका और सिंधिया के महासचिव बनने से कांग्रेस की चुनाव संभावनाओं को बल मिलेगा : कमलनाथ

Summary :

मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी चुनाव में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है और उसमें आशावाद का स्तर बहुत मजबूत है।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमलनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के पार्टी महासचिव बनने से आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाओं को बड़ा बल मिलेगा। कमलनाथ ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘यह (प्रियंका की नियुक्ति) लंबे समय से अपेक्षित थी और करीब छह महीने से इस पर विचार चल रहा था। इससे उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में पार्टी को बड़ा बल मिलेगा।’’

कमलनाथ यहां विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में एक मजबूत संदेश जाएगा और यह पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी की चुनाव तैयारियों में सिंधिया का योगदान महत्वपूर्ण होगा और उन्हें इस बात का पक्का यकीन है कि ये युवा नेता अपनी नयी भूमिका में एक शानदार काम करेंगे।

Priyanka and Scindia

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी चुनाव में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है और उसमें आशावाद का स्तर बहुत मजबूत है। इससे पहले दिन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महासचिव बनाते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश और सिंधिया को महासचिव बनाते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी।

Desk Team