प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में प्रवेश को बीजेपी द्वारा राहुल गांधी की ‘विफलता की स्वीकारोक्ति’ करार दिए जाने के बाद कांग्रेस ने पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि प्रियंका का नाम पार्टी महासचिव के रूप में सामने आने से सत्तारूढ़ पार्टी घबरा गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने यह भी दावा किया कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में उतरने से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस में नयी जान आ जाएगी।
राजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘राहुल जी ने बहुत बड़ा फैसला किया है। इसका भारतीय राजनीति में बड़ा असर होगा। इसके दूरगामी परिणाम होंगे। इससे न सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है, बल्कि आम जनता भी खुश है। इससे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस में नयी जान आएगी।’’
बीजेपी के हमले के बारे में पूछे जाने पर राजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘ये लोग प्रियंका जी के सक्रिय राजनीति में आने से घबराए हुए हैं। ये सब घबराहट में बोल रहे हैं।’’ इस सवाल पर कि क्या प्रियंका की नियुक्ति उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन के लिए भी संदेश है तो राजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘सपा-बसपा से इसका कोई संबंध नहीं है। सबको आपना गठबंधन करने का अधिकार है।’’
प्रियंका के सक्रिय राजनीति में पदार्पण को ‘पारिवारिक गठबंधन’ करार देते हुए बीजेपी ने बुधवार को कहा कि यह कांग्रेस द्वारा इस बात की स्वीकारोक्ति है कि राहुल गांधी नेतृत्व प्रदान करने में ‘‘विफल’’ रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि प्रस्तावित महागठबंधन में विभिन्न दलों से ‘खारिज’ किए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘पारिवारिक गठबंधन’ को अपनाया है।


Download Android App
Download iOS App




