दिवाली से पहले जयपुर में बिक रही है ₹1.11 लाख किलो की मिठाई, आखिर क्या है इसकी खासियत?

Summary :

जयपुर में दिवाली पर शाही मिठाइयों की मांग बढ़ रही है। इस बीच स्वर्ण प्रसादम नाम की एक मिठाई बेहद चर्चा में है। जिसकी कीमत 1.11 लाख रुपये प्रति किलो है। इसके अलावा सोने के सिक्कों और 9 रत्नों से सजी मिठाइयां भी बाजार में उपलब्ध हैं। ये मिठाइयां त्योहार पर खास उपहार देने वालों को आकर्षित कर रही हैं।

जयपुर: दिवाली के त्योहार में मिठाइयों की मिठास के साथ इस बार शाही ठाठ भी देखने को मिल रहा है। जयपुर के बाजारों में ऐसी मिठाइयां तैयार की गई हैं, जो अपने स्वाद से ज्यादा कीमत और खास सजावट को लेकर चर्चा में हैं। इनमें सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रही है ‘स्वर्ण प्रसादम’, जिसकी कीमत 1 लाख 11 हजार रुपये  किलो है। यह मिठाई त्योहार पर महंगे गिफ्ट  देने वालों के लिए खास ऑप्शन  बनकर सामने आई है।

दिवाली पर आमतौर पर लोग घरों में लड्डू, बर्फी और काजू कतली जैसी मिठाइयां लेकर जाते हैं। लेकिन जयपुर में इस बार मिठाई की एक ऐसी किस्म सामने आई है, जिसे खरीदने के लिए अच्छी खासी रकम खर्च करनी होगी। स्वर्ण प्रसादम की कीमत 1.11 लाख रुपये प्रति किलो रखी गई है। इसका एक पीस करीब 3 हजार रुपये का पड़ता है। इतनी कीमत में एक अच्छा टू-व्हीलर खरीदा जा सकता है। यही वजह है कि यह मिठाई बाजार में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे खास तौर पर लग्जरी गिफ्टिंग के लिए तैयार किया गया है। दुकान के मालिक का कहना है कि  जयपुर के अलावा देश के बड़े शहरों से भी इसके ऑर्डर मिल रहे हैं।

सोने और महंगी सामग्री से  की जाती  है तैयार

  • स्वर्ण प्रसादम की खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाली महंगी सामग्री और इसकी शानदार सजावट है।
  • इसे बनाने में 24 कैरेट खाने योग्य सोने, केसर और चिलगोजे का इस्तेमाल करने का दावा किया गया है।
  • इसमें आयुर्वेदिक स्वर्ण भस्म भी मिलाई जाती है। महंगी सामग्री और खास सजावट की वजह से  इसकी कीमत आम मिठाइयों से काफी ज्यादा है।
  • इसे खरीदने वाले लोग इसके स्वाद के साथ-साथ इसकी शाही बनावट को भी पसंद कर रहे हैं।
  • जयपुर के बाजार में स्वर्ण प्रसादम के अलावा भी कई महंगी मिठाइयां बिक रही हैं। इनमें सोने के सिक्कों से सजी मिठाई भी शामिल है।
  • इसके 9 पीस की कीमत 9,999 रुपये है। सोने के सिक्कों से सजावट के कारण यह मिठाई देखने में काफी खास लगती है। इसके अलावा नौ रत्नों से बनी मिठाई भी बाजार में उपलब्ध है।
  • इन मिठाइयों को त्योहारों पर खास लोगों को उपहार देने के लिए तैयार किया गया है।

महंगी मिठाइयों से बाजार में बढ़ी रौनक

  • दिवाली के दौरान मिठाई की दुकानों पर कस्टमर्स  की आवाजाही बढ़ जाती है।
  • इस बार जयपुर में पारंपरिक मिठाइयों के साथ महंगी और आकर्षक मिठाइयों की भी मांग देखने को मिल रही है।
  • सोने और 9 रत्नों से सजी मिठाइयां उन लोगों को आकर्षित कर रही हैं, जो त्योहार पर कुछ अलग और यादगार देना चाहते हैं।
  • लेकिन, इनकी कीमत आम मिठाइयों के मुकाबले काफी ज्यादा है, इसलिए इन्हें खास कस्टमर्स के लिए तैयार किया गया है।
  • इस तरह जयपुर का मिठाई बाजार इस दिवाली स्वाद के साथ शाही अंदाज का भी अनुभव करा रहा है।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।