विरासत के संग स्वच्छता का संदेश: रायपुर नगर निगम ने आयोजित की ‘Walk with a Cause’ हेरिटेज वॉक

Summary :

रायपुर नगर निगम ने विरासत संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘Walk with a Cause’ हेरिटेज वॉक का आयोजन किया। इस पहल के जरिए लोगों को शहर की ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ने के साथ स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता और विरासत संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

छत्तीसगढ़/रायपुर:  रायपुर नगर निगम ने हेरिटेज वॉक को पूरी तरह जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया। कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक का बिल्कुल भी उपयोग नहीं किया गया। पानी की प्लास्टिक बोतलों के स्थान पर वाटर कूलर की व्यवस्था की गई तथा पानी पीने के लिए पेपर ग्लास का उपयोग किया गया। पूरे आयोजन के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया और कहीं भी कचरा नहीं फैलाया गया। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को भी पर्यावरण अनुकूल और कचरा मुक्त बनाया जा सकता है। विरासत के प्रति सम्मान के साथ सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

आयुक्त ने छात्राओं को बताया ‘नन्हे प्रेरक’, शहर को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान

Raipur Heritage Walk
Raipur Heritage Walk

आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए छात्राओं द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें ‘नन्हे प्रेरक’ की संज्ञा दी। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता सहित शहर को बेहतर, सुंदर और व्यवस्थित बनाने से जुड़े विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और सकारात्मक बदलावों में बच्चों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। नन्हे प्रेरक न केवल स्वयं जागरूक नागरिक बनें, बल्कि अपने परिवार, स्कूल और आसपास के लोगों को भी शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित करें।

आयुक्त ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने घरों और स्कूलों में कचरे के पृथक्करण हेतु चार प्रकार के डस्टबिन रखने की आदत विकसित करें तथा अपने परिवारजनों को भी गीले एवं सूखे कचरे सहित अन्य श्रेणियों के कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा समय-समय पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शहर की सुंदरता एवं नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा। इन सभी गतिविधियों में नन्हे प्रेरकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और बेहतर बनाने के प्रयासों में नन्हे प्रेरकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

ई-वेस्ट जागरूकता के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता

Raipur Heritage Walk
Raipur Heritage Walk

हेरिटेज वॉक में शासकीय सरस्वती कन्या शाला की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं के लिए ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) विषय पर क्विज, स्लोगन सहित विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित निपटान, पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभाव तथा जिम्मेदार उपभोग के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही हेरिटेज वॉक में सहभागी छात्राओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

जिज्ञासा, संवाद और सीखने का अवसर बना हेरिटेज वॉक

Raipur Heritage Walk
Raipur Heritage Walk

हेरिटेज वॉक के दौरान विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने न केवल रायपुर के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के बारे में नई जानकारियां हासिल कीं, बल्कि शहर की धरोहरों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझा।

नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की हेरिटेज वॉक एवं जनजागरूकता गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि शहर की नई पीढ़ी सहित अधिक से अधिक नागरिक रायपुर के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक वैभव से परिचित हो सकें। साथ ही नागरिक सहभागिता के माध्यम से विरासत संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके। विरासत को जानें, विरासत को संजोएं और शहर को बेहतर बनाने के नन्हे प्रेरक बनें — यही इस ‘Walk with a Cause’ का मूल संदेश रहा।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में रेलवे की तकनीक आधारित प्रदर्शनी को मिला द्वितीय पुरस्कार

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।