सर्दियों का समय और पराठे खाने को न मिलें, तो दिन अधूरा सा लगता है, इसलिए ज्यादातर लोग नाश्ते में पराठे ही बनाते हैं। अगर आपको कुछ इस सर्दी कुछ अलग खाना है, तो आज हम आपको यहां मेथी के पराठे बनाने की आसान रेसिपी के बारे में बताएंगे, जिसे आप मिनटों में बनाकर तैयार कर सकते है। यह सुबह के नाश्ते या दोपहर के लंच में दही या चाय के साथ परफेक्ट लगता है ऐसे में आइए इसे बनाने का तरीका और टिप्स जानते हैं।
मेथी पराठा बनाने का तरीका

सामग्री
- गेहूं का आटा: 2 कप
- बारीक कटी हुई मेथी की पत्तियां: 1 कप
- दही: 1/4 कप
- अदरक पेस्ट या बारीक कटा अदरक: 1 छोटा चम्मच
- अजवायन: 1/2 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- जीरा पाउडर या जीरा: 1/4 से 1/2 छोटा चम्मच।
- तेल या घी: 2-3 बड़े चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- पानी: आटा गूंधने के लिए
मेथी पराठा बनाने की विधि

- मेथी की पत्तियों को चुनकर, पानी से अच्छी तरह धो लें और बारीक काट लें।
- एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, कटी हुई मेथी, दही, अजवायन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, अदरक पेस्ट, नमक, तेल/घी डालें।
- इन सभी चीजों को पहले हाथों से अच्छी तरह मिला लें ताकि मेथी और मसाले पूरे आटे में समा जाएं।
- अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें।
- फिर आटे को 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह सेट हो जाए।
- फिर आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें।
- एक लोई लें, उस पर सूखा आटा लगाएं और गोल या तिकोने आकार में बेल लें।
- तवे को धीमी आंच पर गर्म करें। फिर बेले हुए पराठे को तवे पर डालें।
- कुछ सेकंड बाद इसे पलट दें और थोड़ा सा तेल या घी लगाकर दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक सेक लें।
- फिर गरमा-गरम मेथी पराठे को दही, अचार या हरी चटनी के साथ सर्व करें।
पराठा बनाने के लिए जरूरी टिप्स
- अगर मेथी कड़वी हो, तो काटने के बाद उस पर थोड़ा नमक छिड़क कर 10 मिनट के लिए रखें फिर निचोड़ें।
- इसके अलावा आटा गूंथते समय दही ज़रूर डालें, इससे कड़वापन कम होता है।
- अगर आप चाहें तो मेथी की पत्तियों को पहले एक चम्मच घी में हल्का सा भूनकर भी आटे में मिला सकती हैं।
- पराठे का आटा टाइट न गूंथें, वरना पराठे बेलते समय फट सकते हैं। सॉफ्ट आटा गूंधने से पराठे नरम और परतदार बनते हैं।


Download Android App
Download iOS App




