काजू कोकोनट रोल एक बेहद टेस्टी, रिच और शाही मिठाई है, जो त्योहारों और खास अवसरों पर सभी को बहुत पसंद आती है। काजू के मक्खन जैसे स्वाद और नारियल की खुशबू का यह अनोखा संगम मुंह में घुल जाने वाला एहसास देता है। इसे घर पर बनाना आसान है और यह दिखने में भी बेहद खूबसूरत लगती है। मेहमानों को यह मिठाई काफी ज्यादा पसंद आती है, क्योंकि इसे बनाने में बहुत ज्यादा चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता है ऐसे में आइए इसे आसानी से बनाने का तरीका और टिप्स जानते हैं।
काजू कोकोनट रोल बनाने का तरीका

सामग्री
- काजू – 1 कप
- चीनी पाउडर – ½ कप
- मिल्क पाउडर – ½ कप
- हरी इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- दूध – 2 से 3 चम्मच
- देसी घी – 1 छोटा चम्मच
- डेसिकेटेड कोकोनट – ¾ कप
- चीनी या कंडेंस्ड मिल्क – 2 से 3 बड़े चम्मच
- फूड कलर – 2 चुटकी
- कटे हुए पिस्ता – सजावट के लिए
काजू कोकोनट रोल बनाने की विधि

- काजू को मिक्सर जार में डालकर बिल्कुल बारीक पीस लें।
- एक बर्तन में पिसा हुआ काजू पाउडर, चीनी पाउडर, मिल्क पाउडर और इलायची पाउडर मिलाएं।
- इसमें 1-2 चम्मच दूध और थोड़ा सा घी डालकर सॉफ्ट सा डो गूंथ लें। फिर इसे साइड में रख दें।
- फिर एक कटोरे में नारियल का बुरादा, कंडेंस्ड मिल्क डालकर मिलाएं।
- अगर आप कलर वाला रोल बनाना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा फूड कलर मिला लें।
- फिर बटर पेपर या फॉइल पेपर पर थोड़ा घी लगाएं।
- अब काजू वाले डो को बेलन से पतले शेप में बेल लें।
- इसके ऊपर कोकोनट वाले मिश्रण की परत समान रूप से फैलाएं।
- अब इसे बटर पेपर की मदद से धीरे-धीरे और टाइट रोल करें।
- रोल को फॉइल पेपर में लपेटकर 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें।
- सेट होने के बाद इसे बाहर निकालें, ऊपर से बारीक कटा पिस्ता लगाएं, और चाकू की मदद से काट लें।
काजू रोल बनाने के लिए टिप्स
- काजू और मिल्क पाउडर के मिश्रण में दूध बहुत कम डालें। ज़्यादा दूध डालने से डो गीला हो सकता है।
- मिक्सी में काजू पीसते समय वह गर्म होकर तेल छोड़ सकता है। इसलिए पीसने से 15-20 मिनट पहले काजू को फ्रीजर में रख दें।
- नारियल की परत को काजू की शीट पर रखते समय हल्के हाथ से दबाएं और फॉइल की मदद से बिल्कुल टाइट रोल करें।


Download Android App
Download iOS App




