भारत में जब भी किसी त्योहार, पार्टी या खुशी के मौके की बात आती है, तो मिठाई के बिना सब अधूरा सा लगता है और जब बात कलाकंद की हो, तो इसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। यह दूध और चीनी से बनने वाली एक बेहद फेमस मिठाई है, जो अपनी खास दानेदार बनावट और शानदार स्वाद के लिए जानी जाती है। बाजार में मिलने वाली कलाकंद बहुत मंहगी होती है, लेकिन अच्छी बात यह है कि आप इसे घर पर बहुत ही कम चीजों से आसानी से बना सकते हैं। आइए इसे बनाने का तरीका और टिप्स जानते हैं।
कलाकंद बनाने का आसान तरीका

सामग्री
- दूध: 2 लीटर
- नींबू का रस या सिरका: 2 बड़े चम्मच
- चीनी: ½ कप
- इलायची पाउडर: ½ छोटा चम्मच
- कटे हुए पिस्ते और बादाम: गार्निश के लिए
- घी: 1 छोटा चम्मच
कलाकंद बनाने की आसान विधि

- इसे बनाने के लिए एक भारी तले की कढ़ाई में 1 लीटर दूध डालकर उसे उबालने के लिए रखें।
- जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस बंद कर दें और दूध को 2-3 मिनट थोड़ा ठंडा होने दें।
- अब इस गर्म दूध में धीरे-धीरे नींबू का रस या सिरका डालें और हल्के हाथों से मिलाएं।
- जब दूध फट जाए और पानी अलग हो जाए, तो इसे एक सूती के कपड़े में छान लें।
- खटास हटाने के लिए छेने को सादे ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें और सारा एक्स्ट्रा पानी निचोड़ लें।
- अब दूसरे बर्तन या कढ़ाई में बचा हुआ 1 लीटर दूध डालें और उसे तेज आंच पर आधा होने तक पकाएं।
- जब दूध गाढ़ा होने लगे, तो इसमें तैयार किया हुआ छेना और चीनी डाल दें।
- इसे लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर पकाएं जब तक कि मिश्रण गाढ़ा होकर कढ़ाई छोड़ने न लगे।
- अब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं और गैस बंद कर दें।
- एक थाली या केक टिन पर थोड़ा सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें। इस मिश्रण को उसमें डालकर समान रूप से फैलाएं।
- ऊपर से कटे हुए पिस्ते और बादाम डालकर हल्के हाथ से दबाएं।
- इसे 2 से 3 घंटे के लिए सेट होने के लिए रख दें, फिर मनचाहे टुकड़ों में काट लें।
कलाकंद बनाने के लिए टिप्स
- कलाकंद हमेशा फुल क्रीम दूध से ही बनाएं, इससे मिठाई सॉफ्ट और दानेदार बनती है।
- पनीर को बहुत ज्यादा टाइट न निचोड़ें, उसमें हल्का सा रस/नमी होनी चाहिए ताकि कलाकंद अंदर से जूसी रहे।
- दूध और छेना पकाते समय चमचे को तले तक घुमाएं, वरना मिश्रण नीचे से जल सकता है जिससे स्वाद खराब हो जाएगा।
- अगर आप झटपट बनाना चाहते हैं, तो आप बाजार के ताज़े पनीर और कंडेंस्ड मिल्क का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




