Nepal Helicopter Accident: नेपाल में लैंडिंग के दौरान टकराए दो हेलीकॉप्टर, 1 भारतीय नागरिक की मौत, देखें हादसे का खौफनाक वीडियो

Summary :

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय 'एयर डायनेस्टी' और 'फिशटेल एयर' के दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई, जबकि भारतीय मूल का एक न्यूजीलैंड नागरिक घायल हो गया।

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे उतरते समय ‘एयर डायनेस्टी’ और ‘फिशटेल एयर’ के दो हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि भारतीय मूल का एक न्यूजीलैंड नागरिक घायल हो गया।

1 भारतीय की मौत, न्यूजीलैंड के नागरिक समेत दोनों पायलट घायल

द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक का नाम वसंत कुमार बलरामरामाडु था, जो फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में बैठे थे। इसी हेलीकॉप्टर में सफर कर रहे भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल इस दुर्घटना में घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल शैलेश कृष्ण पटेल को दूसरे हेलीकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को भी हल्की चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए काठमांडू भेज दिया गया है।

कितने बजे हुआ हादसा?

सशस्त्र पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी और सोलुखुम्बु जिले में तैनात पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सूरज पांडे ने IANS से बातचीत में बताया कि नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय सुबह करीब 8:15 बजे ‘फिशटेल एयर’ और ‘डायनेस्टी एयर’ के दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए।

हादसे का CCTV फुटेज वायरल


इस हादसे का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें आप देख सकते हैं लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर हवा में ही आपस में टकरा जाते हैं। टक्कर होते ही दोनों हेलीकॉप्टर जमीन पर गिरते हैं और उनके परखच्चे उड़ जाते हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि घटनास्थल पर कुछ लोग भी खड़े हैं, जब हादसा होता है, तो सभी खुद को बचाने के लिए भागने लगते हैं।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।