Haryana Government Jobs: हरियाणा में सरकारी नौकरी के नियमों में बदलाव! जानें अब किसे मिल सकेगा मौका?

Summary :

Haryana Government Jobs: हरियाणा सरकार ने एचपीएससी में ग्रुप-सी भर्ती के नियमों में बदलाव को मंजूरी दी है। अब आयोग में 85 पद होंगे। भर्ती के लिए भारतीय नागरिकों और नेपाल-भूटान के पात्र नागरिकों को मौका मिलेगा। हिंदी या संस्कृत की योग्यता, आयु सीमा और अनुभव संबंधी शर्तों में भी बदलाव किया गया है।

Haryana Government Jobs:  हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। हरियाणा सरकार ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) में ग्रुप-C की भर्ती से जुड़े नियमों में बदलाव करने का फैसला लिया है। नए नियमों के तहत नौकरी के लिए एलिजिबल, पढ़ाई और उम्र से जुड़े नियमों में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा आयोग में कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

सरकार के नए फैसले के अनुसार, HPSC में सरकारी नौकरी के लिए भारतीय नागरिक, नेपाल और भूटान के नागरिक ही पात्र होंगे। हालांकि, नेपाल और भूटान के नागरिकों को नौकरी पाने के लिए सरकार से पात्रता प्रमाणपत्र (Eligibility Certificate) लेना होगा। वहीं, तिब्बती शरणार्थियों और पाकिस्तान, बर्मा, श्रीलंका तथा पूर्वी अफ्रीकी देशों से भारत आए भारतीय मूल के लोगों को HPSC में सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी।

कैबिनेट ने नियमों में संशोधन को दी मंजूरी

  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट  की बैठक में हरियाणा लोक सेवा आयोग (राज्य सेवा समूह-ग) विनियम, 2002 में बदलाव को मंजूरी दी गई।
  • सरकार का कहना है कि आयोग में परीक्षाओं की संख्या बढ़ने और दूसरे कामों का दबाव बढ़ने की वजह से  कर्मचारियों की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रुप-सी के पदों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
  • नए नियमों के तहत आयोग में ग्रुप-सी के कुल 85 पद होंगे। इनमें 15 नए पद भी शामिल हैं। इन पदों पर सेक्शन ऑफिसर, डिप्टी सुपरिटेंडेंट, प्राइवेट असिस्टेंट, असिस्टेंट, स्टेनोग्राफर, स्टेनो टाइपिस्ट, ड्राइवर, क्लर्क और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति होगी।

हिंदी या संस्कृत में की पढ़ाई जरूरी

  • नए नियमों में शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी शर्तों को भी बदला जाएगा। पहले मैट्रिक तक हिंदी विषय पढ़ना जरूरी था। अब अभ्यर्थियों के लिए मैट्रिक स्तर पर हिंदी या संस्कृत में से कोई एक विषय पढ़ना मान्य होगा।
  • इसके अलावा हायर एजुकेशन  के दौरान हिंदी विषय की पढ़ाई करने वाले उम्मीदवार भी इस शर्त को पूरा कर सकेंगे।
  • कॉलेजों में जूनियर लेक्चरर असिस्टेंट के पद पर नियुक्ति के लिए अब उम्मीदवारों को विज्ञान विषयों के साथ 12वीं पास होना जरूरी होगा।
  • इस पद के लिए उम्मीदवार ने 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स या बायोलॉजी में से संबंधित विषय पढ़ा होना चाहिए। साथ ही, किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज में लैब अटेंडेंट के रूप में 5 साल का अनुभव होना जरूरी है।
  • उम्मीदवार ने 10वीं में हिंदी या संस्कृत अथवा हायर एजुकेशन में हिंदी विषय पढ़ा होना चाहिए।
  • इस पद पर प्रमोशन के लिए 12वीं या इसके बराबर की पढ़ाई जरूरी होगी।

अनुभव की शर्त में भी मिल सकती है छूट

  • सीधी भर्ती के लिए उम्मीदवारों की उम्र कम से कम 18 साल और ज्यादा से ज्यादा 42 साल होगी। उम्र की गणना हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में आवेदन की आखिरी तारीख के आधार पर की जाएगी।
  • आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र में छूट मिलेगी।
  • नए नियमों के तहत आयोग को कुछ आरक्षित पदों पर अनुभव की शर्त में भी छूट देने का अधिकार मिलेगा।
  • अगर वंचित अनुसूचित जाति, अन्य अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, पूर्व सैनिक और दिव्यांग उम्मीदवारों में पर्याप्त योग्य लोग नहीं मिलते हैं, तो आयोग अनुभव की जरूरी शर्त में 50 प्रतिशत तक की छूट दे सकता है।
  • इसके अलावा, कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई, अपील और नौकरी से जुड़े मामलों के नियमों में भी बदलाव किया जाएगा।
  • इससे आयोग की भर्ती और कर्मचारियों से जुड़े काम नए सरकारी नियमों के अनुसार हो सकेंगे।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।