मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को प्रदेश की खुशहाली के लिए अपने आवास पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। साथ ही उनके आह्वान पर कई अन्य नेताओं ने भी अपने घरों और देवालयों में विशेष रूप से हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी द्वारा श्री हनुमान चालीसा पाठ। #श्रीराम_के_हनुमान_करो_कल्याण https://t.co/7O2mIy7jiZ
— MP Congress (@INCMP) August 4, 2020
कमल नाथ के श्यामला हिल्स स्थित आवास पर मंगलवार को हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने सोमवार को एक वीडियो संदेश जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे प्रदेश की खुशहाली के लिए मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ करने वाले हैं।
प्रदेशवासी इस मौके पर अपने घर में रहकर या नजदीक के मंदिर में जाकर प्रदेश की खुशहाली के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करें। इसी तरह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने खरगोन जिले के बौरांवा गांव में विशेष अनुष्ठान के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया।

एक तरफ जहां पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ किया तो वहीं उनके ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल भी बदल गई। प्रोफाइल में जो तस्वीर लगी है, उसमें कमल नाथ भगवाधारी नजर आ रहे हैं। साथ ही हनुमान चालीसा पाठ का जिक्र किए जाने के साथ कमल नाथ हनुमान जी की प्रतिमा के सामने नजर आ रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



