कर्नाटक : हासन जिले में आया 3.4 तीव्रता का भूकंप, घरों और सड़कों पर पड़ी दरारें, लोगों में हुई दहशत

Summary :

हासन जिले और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार तड़के भूकंप आने से हड़कंप मच गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 मापी गई है।

कर्नाटक के हासन जिले और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार तड़के भूकंप आने से हड़कंप मच गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 मापी गई है। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि, कोडागू जिले में सोमवरपेट के निकट कई गांवों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। राज्य के आपदा प्राधिकरण आयुक्त मनोज राजन के अनुसार भूकंप का केंद्र हासन जिले के होलेनरसीपुरा तालुक में नागरनहल्ली ग्राम पंचायत के अंतर्गत मलूगनहल्ली गांव था।
इन जिलों में महसूस किए गए भूकंप के झटके
आपदा प्राधिकरण के अधिकारी ने कहा कि, भूकंप के झटके 40-50 किलोमीटर के दायरे तक महसूस किए गए।  वहीं भूंकप के कारण लोगों के घरों और सड़कों पर दरारें आ गई हैं। ग्रामीणों के कहा कि, सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्हें 10 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस हुए। बेट्टासटनहल्ली, हल्ली मैसुरु, कल्लाहल्ली, डाला गौदानहल्ली, डोड्डा कदनुरु, पूजा कोप्पलु, बेलावाड़ी, मकावल्ली, तेजूर, गोहल्ली, कुरिकावलु, ओदानहल्ली, निदुवानी, चित्तनहल्ली लेआउट और नरसिम्हनायका नगर में भी भूकंप के झटके महसूस हुए।

इस प्रकार के भूकंप से स्थानीय लोगों को कोई नुकसान नहीं होता : अधिकारी
अधिकारी ने कहा, इस प्रकार के भूकंप से स्थानीय लोगों को कोई नुकसान नहीं होता, हालांकि मामूली झटके आ सकते हैं। चूंकि भूकंप का केंद्र भूकंपीय क्षेत्र- II में पड़ता है, इसलिये ऐसे क्षेत्रों में भूकंप आने और नुकसान होने की आशंका कम होती है।

Desk Team