कर्नाटक में वेतन संबंधी मुद्दों के चलते सड़क परिवहन निगमों (आरटीसी) के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते रविवार को भी बस सेवाएं प्रभावित रहीं। राज्य के चार परिवहन निगमों के कर्मचारी छठे वेतन आयोग के अनुसार वेतन देने की मांग कर रहे हैं, इसे लेकर सरकार और उनके बीच गतिरोध बना हुआ है।
अधिकतर कर्मचारी काम पर नहीं आ रहे हैं, जिसके चलते बसें सड़कों से नदारद हैं और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने कहा कि ”काम नहीं तो वेतन नहीं” की चेतावनी के बीच आरटीसी के कुछ कर्मचारी काम पर लौट आए और शहर में कुछ मार्गों पर बसें चल रही हैं।
राज्य के कुछ अन्य स्थानों से भी ऐसी ही खबरें मिली हैं। ऐसे में विशेष रूप से शहरों में लोग अपने निजी वाहनों, कैब, मेट्रो और ऑटोरिक्शा का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। मेट्रो ने सुबह सात से रात नौ बजे के बीच ट्रेनों की संख्या में वृद्धि कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



