उत्तराखंड चुनाव से पहले केजरीवाल का एक और दांव, केंद्र से की सुंदरलाल बहुगुणा को भारत रत्न देने की मांग

Summary :

उत्तराखंड में होने वाले 2022 विधानसभा चुनाव में राजधानी दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) पहली बार मैदान में उतरने जा रही है।

उत्तराखंड में होने वाले 2022 विधानसभा चुनाव में राजधानी दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) पहली बार मैदान में उतरने जा रही है। बता दें कि उत्तराखंड में भी आम आदमी पार्टी अपने फ्री बिजली वाली योजना अपनाने की कोशिश कर रही है। इन्हीं मुद्दों पर आप अपनी सियासी जमीन तैयार कर रही है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक और दांव खेला है। 
उन्होंने दिवंगत पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिए जाने की मांग कर डाली है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। सीएम केजरीवाल ने इस चिट्ठी में लिखा, “दिल्ली सरकार की ओर से मेरा आपसे अनुरोध है कि सुंदरलाल बहुगुणा जी को भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित किया जाए। हमारा मानना है कि सुंदरलाल बहुगुणा जी को भारत रत्न प्रदान करने से इस सम्मान का ही सम्मान होगा, मैं उम्मीद करता हूं कि आप दिल्ली सरकार के इस निवेदन पर गौर करेंगे।” 

बता दें कि सुंदरलाल बहुगुणा के लिए भारत रत्न की मांग से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में पर्यावरणविद स्वर्गीय सुंदरलाल बहुगुणा की याद में वृक्षारोपण और उनके चित्र का अनावरण किया था। गौरतलब है कि जानेमाने पर्यावरणविद एवं उत्तराखंड में ‘चिपको आंदोलन’ के प्रणेता सुंदरलाल बहुगुणा का 21 मई को निधन हो गया था। ‘चिपको आंदोलन’ वन संरक्षण अभियान था जो 1973 में शुरू किया गया था।

Desk Team