मेट्रो मैन ई.श्रीधरन केरल में आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। केरल भाजापा के प्रमुख के सुरेंद्रन ने गुरुवार को यह जानकारी दी। वे फिलहाल पूरे राज्य में राजनीतिक दौर पर हैं। उन्होंने कहा ‘पार्टी जल्द ही दूसरे उम्मीदवारों की सूची भी जारी करेगी।
केरल में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने से पहले श्रीधरन ने पार्टी का दामन थामा था। श्रीधरन का भाजपा में शामिल होना केरल चुनाव के लिहाज से पार्टी की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। केरल में विधानसभा की 140 सीटे हैं, जबकि एक अन्य सीट नामित होती है। यहां 6 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि दो मई को वोट की गिनती की जाएगी।
21 फरवरी को भाजपा में शामिल होने के बाद श्रीधरन ने कहा था, मेरा मुख्य लक्ष्य पार्टी को केरल में सत्ता में लाने में मदद करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी जीतती है, तो वह राज्य का मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार रहेंगे और अगर उन्हें यह पद मिलता है, तो उनका जोर राज्य में बुनियादी ढांचे को विकसित करने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करती है तो पार्टी का ध्यान राज्य में बड़े स्तर पर इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास करना और राज्य को कर्ज के जाल से मुक्ति दिलाने पर होगा।
श्रीधरन को विकास के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। उन्होंने दिल्ली में मेट्रो की नींव रखी और उसे नई बुलंदियों तक पहुंचाया। इसके अलावा उन्होंने कोलकाता मेट्रो की संरचना तैयार की थी। श्रीधरन को पदम विभूषण और् पदम श्री से सम्मानित किया जा चुका है।
दिल्ली मेट्रो से रिटायर होने के बाद उन्हें कोच्चि मेट्रो और लखनऊ मेट्रो का मुख्य सलाहकार बनाया गया। उन्होंने जयपुर मेट्रो के लिए सलाहकार का काम किया है। टाइम मैगजीन भी उन्हें ‘एशिया का हीरो’ कह चुकी है। श्रीधरन का जन्म 12 जून 1932 को केरल के पलक्कड़ में हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



