केरल : कुन्नूर में RSS कार्यालय पर फेंके गए बम, संघ ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी पर लगाया आरोप

Summary :

केरल में कन्नूर जिले के पयान्नूर इलाके में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर बम फेंका गया। सोमवार देर रात हुए हमले के लिए आरएसएस ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।

केरल में कन्नूर जिले के पयान्नूर इलाके में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर बम फेंका गया। सोमवार देर रात हुए हमले के लिए आरएसएस ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद RSS दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं है और उनका पता लगाने के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। विस्फोटक अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहम मामला दर्ज करके हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरएसएस ने हमले के लिए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। सीसीटीवी फुटेज में आरएसएस कार्यालय की चारदीवारी में कई धमाके होते और कार्यालय की कई खिड़कियों को क्षतिग्रस्त होते देखा जा सकता है।
गौरतलब है कि 30 जून को माकपा के राज्य मुख्यालय ‘ए के जी सेंटर’ की एक दीवार पर बम फेंका गया था और पुलिस अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं कर पाई है। बता दें कि इस साल फरवरी में केरल के एक पुलिस अधिकारी को आरएसएस कार्यकर्ताओं की जानकारी पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) को देने के आरोप में नौकरी से निकाला गया था।

Desk Team