केरल में कांग्रेस ने बलात्कार के आरोपी विधायक एल्धोस कुन्नपल्ली को शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) और जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) की सदस्यता से छह महीने के लिए निलंबित कर दिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक बयान में कहा कि विधायक द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं था और पार्टी ने उन्हें छह महीने की अवधि के लिए केपीसीसी और डीसीसी की सदस्यता से निलंबित कर दिया।
केपीसीसी ने कहा, ‘‘आरोपों पर उनके द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं था। जनप्रतिनिधि के रूप में वह उचित आचरण करने में विफल रहे।’’
उल्लेखनीय है कि एक महिला ने हाल में पेरुंबवूर के विधायक कुन्नपल्ली के खिलाफ बलात्कार और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था।
इस बीच, अपने खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद से फरार कुन्नपल्ली शनिवार को पूछताछ के तहत अपराध शाखा के समक्ष पेश हुए। अपराध शाखा के सूत्रों ने बताया कि आगामी दिनों में उनसे और पूछताछ की जाएगी।
केरल पुलिस ने शुक्रवार को कांग्रेस विधायक के खिलाफ बलात्कार और हत्या के प्रयास के मामले में पीड़िता का नाम कथित रूप से उजागर करने के लिए एक नया मामला दर्ज किया था।


Download Android App
Download iOS App



