Kerala Election 2026: केरल में आज 140 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहे हैं। इस बीच केरल के त्रिशूर जिले के वानियामपारा से मतदान के दौरान हुई एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की वोट डालने के तुरंत बाद तबियत बिगड़ी और बाद में मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोदन के रूप में हुई है, जो वानियामपारा के पास रामनचिरा के रहने वाले थे। वह गुरुवार सुबह वोट डालने के लिए वानियामपारा स्थित ईकेएम यूपी स्कूल पहुंचे थे।
वोट देने के बाद बिगड़ी तबियत
जानकारी के अनुसार, वोट डालने के लिए विनोदन करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक लाइन में खड़े रहे। इसके बाद उन्होंने अपना वोट दिया। जब वह करीब 10 बजकर 45 मिनट पर मतदान केंद्र से बाहर निकले, तो अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और कुर्सी पर बैठाया। लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। कुछ ही देर में वहां एंबुलेंस पहुंची और मौके पर उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में जरुरी कार्रवाई की जाएगी और घटना की जांच की जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। यह घटना उन परिस्थितियों को उजागर करती है, जहां वोट देने के लिए लगी लंबी कतार और शारीरिक परेशानी कुछ लोगों के लिए जोखिम भरी हो सकती है।
883 उम्मीदवारों से चुनावी मुकाबला
केरल विधानसभा चुनाव में इस बार मुकाबले बहुत दिलचस्प हो गया है। राज्य में 883 उम्मीदवार मैदान में हैं, यानी हर सीट पर करीब 6-7 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इससे मुकाबला कड़ा हो गया है। कई सीटों पर बागी और निर्दलीय उम्मीदवारों की वजह से मुकाबला और भी पेचीदा हो गया है, जिससे नतीजों का अनुमान लगाना आसान नहीं है। राज्य में करीब 27 लाख मतदाता हैं, जो 30,000 से ज्यादा मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके वोट डालेंगे। चुनाव आयोग ने चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तैयारी की है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में AI आधारित शिक्षा की शुरुआत, भविष्य के लिए तैयार हो रहा प्रदेश























