देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 50 प्रतिशत मामलों केरल से आने के बाद भी सरकार ने कहा कि प्रदेश में बच्चों के पूर्ण टीकाकरण के बाद वह चरणबद्ध तरीके से स्कूलों को दोबारा खोले जाने पर विचार करेगी, लेकिन यह केंद्र सरकार और संबंधित कोविड-19 विशेषज्ञ एजेंसियों की मंजूरी के तहत होगा। सामान्य शिक्षा मंत्री वी सिवनकुट्टी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सिवनकुट्टी ने कहा कि ऑनलाइन और डिजिटल कक्षाएं स्थायी समाधान नहीं हैं और प्रदेश में बच्चों के टीकाकरण के बाद स्कूलों को दोबारा खोले जाने पर विचार किया जा सकता है। मंत्री ने विधानसभा में कहा, ‘‘दूसरे प्रदेशों में स्कूलों को खोले जाने संबंधी रिपोर्ट हमने देखी है। हम लोगों को सबसे पहले बच्चों का टीकाकरण करने की जरूरत है और इस मामले में केंद्र एवं राज्य सरकारों के विभिन्न दिशानिर्देशों का पालन किया जाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार एवं संबंधित कोविड-19 विशेषज्ञ समितियों तथा एजेंसियों की मंजूरी के बाद राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से स्कूलों को खोले जाने के विकल्प पर विचार करेगी। विधानसभा में सिवनकुट्टी विधायक रामचंद्रन कडन्नापल्ली द्वारा पूछे गये सवाल का जवाब दे रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



