जेडीएस नेता की हत्या, कुमारस्वामी बोले- हत्यारों को ‘बेरहमी से मार डालो’

Summary :

कर्नाटक के मुख्यमंत्री विजयपुरा जिले के दौरे पर गए थे। यहां पहुंचने पर उन्हें खुफिया विभाग की तरफ से जेडीएस के एक नेता की हत्या के बारे में अवगत कराया गया।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। दरअसल सोशल मीडिया पर कुमारस्वामी का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह जेडीएस कार्यकर्ता की हत्या के आरोपियों को ‘गोली मारने’ का निर्देश देते दिख रहे हैं। इस विडियो में सीएम कुमारस्वामी फोन पर किसी से हत्या के आरोपियों को बेरहमी से मारने के लिए कह रहे हैं। हालांकि बाद में कुमारस्वामी ने इस पर सफाई भी दी।

दरअसल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री विजयपुरा जिले के दौरे पर गए थे। यहां पहुंचने पर उन्हें खुफिया विभाग की तरफ से जनता दल सेकुलर पार्टी (जेडीएस) के एक नेता की हत्या के बारे में अवगत कराया गया। आरोप है कि इस घटना की सूचना पर कुमारस्वामी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को फोन किया और उनसे हमलावरों को बेरहमी से गोली मारने का आदेश दिया।

क्या कहा कुमारस्वामी ने ?

वायरल वीडियो में सीएम कुमारस्वामी यह कहते हुए दिखते हैं, ‘वह (जेडीएस नेता प्रकाश) बहुत अच्छा आदमी था। मैं नहीं जानता कि उन लोगों ने उसे क्यों मारा। शूटआउट में उन्हें (आरोपियों को) बेरहमी से मार दो। कोई दिक्कत नहीं है।’ कुमारस्वामी ने जिस वक्त यह बयान दिया, उनके आसपास काफी लोग मौजूद थे। यहां तक कि एक पुलिस अफसर भी खड़े नजर आ रहे हैं।

कुमारस्वामी ने दी सफाई 

इस वीडियो के सामने आने के बाद अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाओं के बीच सीएम कुमारस्वामी ने खुद सफाई भी दी है। कुमारस्वामी ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने गुस्से में यह बात कह दी। उन्होंने कहा, ‘मैंने गुस्से में ऐसा कहा दिया, क्योंकि वहां पहुंचते ही मुझे इस हत्या की खबर मिली। प्रकाश नाम के शख्स का कत्ल कर दिया गया… यह स्वभाविक इंसानी प्रतिक्रिया थी, बतौर मुख्यमंत्री दिया गया आदेश नहीं… वह उस हालात को लेकर गुस्से में कहा गया था, क्योंकि वे वही लोग (कथित हत्यारे) थे जिन्होंने पहले भी दो हत्याएं की थी। वे जेल में थे, बेल पर बाहर आए… और दो दिन के अंदर ही एक और हत्या कर दी… वह (मृतक प्रकाश) बहुत भला इंसान था, समाज की भलाई के कामों में हमेशा सक्रिय रहता था।’

कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार ‘‘चट्टान’’ की तरह है मजबूत – कुमारस्वामी

Desk Team