कोलकाता : 2009 हत्या मामले में TMC नेता छत्रधर महतो को NIA ने किया गिरफ्तार

Summary :

छत्रधर महतो ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले चरण के दौरान लालगढ़ में मतदान किया जिसके कुछ ही देर बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

एनआईए ने 2009 में माकपा नेता की हत्या मामले में टीएमसी के नेता छत्रधर महतो को गिरफ्तार किया है। शनिवार को हुई इस गिरफ्तारी की जानकारी रविवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। महतो ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले चरण के दौरान लालगढ़ में मतदान किया जिसके कुछ ही देर बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 
माओवादी समर्थित पीपल्स अगेन्स्ट पुलिस एट्रोसिटीज (पीसीपीए) के पूर्व संयोजक महतो को 40-45 कर्मियों वाले एनआईए दल ने झारग्राम जिला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। एनआईए अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें माकपा नेता प्रबीर महतो की 2009 में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ अवैध गतिविधि (रोकथाम) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। हम उन्हें रविवार को शहर की अदालत में पेश करेंगे।’’ 
कलकत्ता हाई कोर्ट ने हाल में महतो को आदेश दिया था कि वह मामले की जांच में सहयोग करने के लिए एनआईए के समक्ष सप्ताह में तीन बार पेश हों। इससे पहले, महतो (50) ने 2008 में सालबोनी में माओवादियों द्वारा किए गए विस्फोट में संलिप्तता के कारण 10 साल कारावास की सजा भुगती थी। यह विस्फोट तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और पूर्व केंदीय मंत्री रामविलाम पासवान के काफिले को निशाना बनाकर किया गया था। 

Desk Team