गुवाहाटी/उदलगुड़ी : असम के कोकराझार और उदलगुड़ी जिलों से मंगलवार को विस्फोटक, ग्रेनेड और रॉकेट लांचर समेत भारी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया गया।
असम के पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने मंगलवार शाम कहा कि पुलिस और सेना ने विश्ववसनीय सूत्रों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर भारत-भूटान सीमा से लगे कोकराझार जिले के लेओपानी नाला और उल्टापानी नाला में संयुक्त अभियान चलाया था।
उन्होंने कहा कि हथियार और गोला बारूद को बिशुमुरी पुलिस चौकी के अंतर्गत उल्टापानी रिजर्व फॉरेस्ट में फायर लाइन 07 पर एक पेड़ के पास जमीन के नीचे छुपा कर रखे गए थे।
डीजीपी ने कहा बरामद हथियारों में दो एके-56 राइफल, एक ग्रेनेड लांचर (एम -79), एक पॉइंट 22 राइफल, एक पॉइंट 22 पिस्तौल, दो 7.65 मिमी पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा एक 9 एमएम पिस्तौल और 14 देसी राइफल और पिस्तौल भी मिली हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया पुलिस और सेना की एक अन्य संयुक्त टीम ने दूसरी घटना में असम के उदलगुड़ी जिले में तलाशी के दौरान ग्रेनेड, डेटोनेटर, हथियार और गोला-बारूद सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए।


Download Android App
Download iOS App



