कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ सोमवार को अस्पताल में भर्ती भाजपा सांसद अर्जुन सिंह से मिलने पहुंचे राज्यपाल ने कहा राज्य में कानून व्यवस्था चिंता का विषय है उन्होंने जनता से अपील करते हुए जनता से शान्ति और कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए भी कहा। राज्यपाल सांसद अर्जुन सिंह का हालचाल लेने के लिए नई दिल्ली की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़कर यहां पहुंचे। धनखड़ रविवार को कांकीनाड़ा क्षेत्र में हुई हिंसा की खबरों के मद्देनजर शहर वापस लौटे। सिंह को रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र में झड़प के दौरान सिर में चोटें आई थीं और वह अस्पताल में भर्ती हैं। सांसद से मिलने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल राज्य में शांतिपूर्ण माहौल की जरूरत है। हिंसा की कोई जरूरत नहीं है और इसे (राज्य को) प्रगति के पथ पर ले जाया जाना चाहिए।’’
धनखड़ ने कहा, ‘‘इस संवैधानिक पद (राज्यपाल के) पर रहते हुए यह मेरा उद्देश्य है कि राज्य में कानून का शासन और शांति बनी रहे और हिंसा से बचा जाये…एक राज्यपाल के रूप में मैं इस समय एक चिंतित व्यक्ति हूं।’’ राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के बाद उन्होंने पहली बार राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल्ली में था। मैंने आज सुबह अर्जुन सिंह से मिलने के लिए अपनी यात्रा को बीच में ही छोड़ दिया क्योंकि यह एक गंभीर घटना है। रात्रि के दौरान उन्हें (सिंह) कुछ गंभीर समस्या थी…‘‘मैं इस हिंसा को देखकर दुखी हूं। जब शिक्षकों, चिकित्सकों, वकीलों और पत्रकारों के साथ कुछ होता है तो मुझे पीड़ा होती है।’’
इस संघर्ष के दौरान अपनी ड्यूटी कर रहे कुछ पत्रकारों को पुलिस ने कथित रूप से पीटा था। सांसद ने दावा किया कि बैरकपुर के पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने उन पर हमला किया जिससे उनके सिर में चोट आई। वह उस समय अपने समर्थकों के साथ तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी कार्यालय पर कथित रूप से कब्जा करने के खिलाफ जिले के कांकीनाड़ा में ‘‘शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन’’ कर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



