लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि पुलिस बल को आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए प्रदेश की आम जनता की अपेक्षाओं और विश्वास पर खरा उतरना होगा। योगी ने आगे बात करते हुए कहा कि पुलिस को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए भविष्य की चुनौतियों से निपटने की भी तैयारी रखनी होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ित व्यक्ति को समय पर न्याय दिलाने की प्रक्रिया का हिस्सा बने।
मुख्यमंत्री यहां गोमती नगर विस्तार में उत्तर प्रदेश पुलिस के नये मुख्यालय भवन के लोकार्पण अवसर पर पुलिस अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। पुलिस बल को नये मुख्यालय भवन के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसकी सार्थकता तभी सिद्ध होगी जब पुलिस बल प्रदेश में आम नागरिक को कानून का राज और सुशासन उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका को और अधिक कार्यकुशलता के साथ निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज से लगभग 82 साल पूर्व वर्ष 1937 में उत्तर प्रदेश पुलिस का शिविर कार्यालय प्रयागराज से लखनऊ स्थानान्तरित हुआ था। तभी से यह कार्यालय पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के रूप में कार्य कर रहा था। पुलिस का अपना भवन न होने के कारण स्थानाभाव की कमी के कारण कार्य सम्पादन में कठिनाइयां हो रही थीं। इस पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण से पुलिस विभाग की एक बड़ी आवश्यकता पूरी हुई है।
योगी ने कहा कि शासन सुविधाएं उपलब्ध करा सकता है, किन्तु उन सुविधाओं का सदुपयोग करते हुए पुलिस अधिकारियों को बदली कार्य संस्कृति और आचरण को साबित करने का दायित्व निभाना होगा। उन्होंने पिछले ढाई वर्षों में पुलिस की व्यावसायिक दक्षता और क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि आज कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार और सुरक्षा के वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश में निवेशक और उद्यमी पूंजी निवेश के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति और उन्नति की व्यापक सम्भावनाएं हैं। पुलिस ने भी इन सम्भावनाओं के दृष्टिगत, अवसर मिलते ही ऊर्जा, दक्षता और पूरी क्षमता के साथ कार्य सम्पादित किये।


Download Android App
Download iOS App



