एक लाख दीपों से जगमगाएगा श्रीरामजन्मभूमि परिसर, पांच जोन में बांटा गया, 1,000 कार्यकर्ता संभालेंगे दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी

Summary :

श्रीरामजन्मभूमि परिसर आगामी सात नवंबर को लगभग एक लाख दीपों से जगमगाएगा। दीपोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे परिसर को पांच जोन में बांटकर करीब एक हजार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

श्रीरामजन्मभूमि परिसर में आगामी सात नवंबर को करीब एक लाख दीपों से जगमगाएगा। दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार को यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभागार में बैठक हुई, जिसमें दीप प्रज्ज्वलन की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। पूरे परिसर को पांच जोन में बांटकर करीब एक हजार कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आगामी पांच दिनों में परिसर के विभिन्न हिस्सों में दीप सजाने और प्रज्ज्वलन की तैयारियां पूरी की जाएंगी।

पांच जोन में बांटा गया श्रीरामजन्मभूमि परिसर

Ayodhya Ram Janmabhoomi Deepotsav
Ayodhya Ram Janmabhoomi Deepotsav 

पहले जोन में श्रीरामलला मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में 30 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे। दूसरे जोन में कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर सहित अन्य स्थानों पर 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित होंगे। तीसरे जोन में वापसी दर्शन मार्ग पर 14 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित होंगे, चौथे जोन में यात्री सेवा केंद्र एवं अंगद टिला पर 13 हजार से अधिक और पांचवें जोन में श्रीराम जन्मभूमि पथ एवं दर्शन मार्ग पर13 हजार दीप जलाए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलन में उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल भी सहयोग करेगा।

बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे सहित प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीपोत्सव को लेकर पूरी रामनगरी में तैयारियां जोरों पर हैं और श्रीराम मंदिर में भी विशेष रूप से तैयारियाँ चल रही हैं।

रिपोर्ट- संदीप अग्रवाल 

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।