हरिद्वार : देहरादून में जहरीली शराब से छह लोगों की मौत होने के बाद हरिद्वार में भी आबकारी विभाग हरकत में आ गया। विभाग ने पथरी क्षेत्र के जंगल में छापेमारी करते हुए कच्ची शराब बनाने वाली आधा दर्जन से ज्यादा भट्टियां पकड़ी। इस दौरान शराब बनाने के लिए जुटाया गया। करीब छह हजार लीटर लाहन भी पकड़ा गया।
हालांकि शराब बनाने वाले इस बार भी हाथ नहीं आए। हरिद्वार के जिले के भगवानपुर और झबरेड़ा क्षेत्र में इसी साल फरवरी में कच्ची जहरीली शराब से 40 से अधिक ग्रामीणों की मौत हो गई थी। अब ताजा मामला राजधानी देहरादून में सामने आया है। यहां जहरीली शराब ने छह लोगों की जिंदगी लील ली। मामला राजधानी से जुड़ा होने के चलते पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी निरीक्षक लक्ष्मण सिंह बिष्ट के निर्देशन में विभाग की अलग-अलग टीमों ने पथरी क्षेत्र के जंगल में दीनारपुर के आस पास छापेमारी की।
टीम ने कच्ची शराब बनाने वाली छह से अधिक भट्टियां पकड़ी। शराब बनाने के लिए इकट्ठा किया गया लगभग छह हजार लीटर लाहन भी बरामद किया गया है। टीम ने शराब बनाने वालों की तलाश भी की, लेकिन वह टीम के आने से पहले ही भाग निकले और घने जंगलों में छिप गए। आबकारी निरीक्षक लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने बताया कि भट्टियां तोड़कर लाहन नष्ट करा दिया गया है। शराब बनाने वालों की तलाश जारी है।


Download Android App
Download iOS App



