गुजरात में 81 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों एवं 231 तालुक पंचायतों में रविवार को मतदान कराया जायेगा और मतगणना दो मार्च को होगी । राज्य निर्वाचन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि कुल 8473 सीटों के लिये मतदान कराया जायेगा । इनमें नगरपालिकाओं में 2720 सीटें, जिला पंचायतों में 980 सीटें तथा तालुक पंचायतों में 4773 सीटे शामिल हैं। इन चुनावों के लिये 36,008 मतदान केंद्र बनाये गये हैं ।
उन्होंने बतायाा कि इन सीटों पर होने वाले चुनावों के लिये 3.04 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे । अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिये पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गयी है । उन्होंने बताया कि इसके लिये 44,000 से अधिक पुलिसकर्मियों, सीएपीएफ की 12 कंपनियों को तथा 54,000 होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जायेगा ।
पिछले कुछ सालों से भारतीय जनता पार्टी का इन चुनावों में प्रभाव रहा है। कांग्रेस का मानना है कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी के कारण भाजपा से लोगों का मोहभंग हुआ है और इससे पार्टी को वापसी करने में मदद मिलेगी ।


Download Android App
Download iOS App



