देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण का खतरा तेजी से बढ़ रहा है तो वहीं दूसरी तरफ कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने एक बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि ‘अनावश्यक’ रूप से अधिक समय से अस्पताल में रह रहे कोविड रोगियों को अपने घर जाना चाहिए ताकि गंभीर मरीजों का उपचार उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”उन 332 रोगियों को 30 दिन तक अस्पताल में रहने की क्या आवश्यकता है। उन लोगों को बिस्तर खाली करना चाहिये । 503 रोगी 20 दिन से अस्पताल में हैं।” उन्होंने कहा, ”इस तरह जो लोग अस्पताल में अनावाश्यक रूप से रह रहे हैं उन्हें घर जाना चाहिये।”
मुख्यमंत्री शहर में कोविड वार रूम का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। वार रूम से कोविड मरीज, अस्पतालों में बिस्तरों की स्थिति,ऑक्सीजन की उपलब्धता और महामारी के लिये आवश्यक दवाओं का आंकड़ा जारी किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविड वार रूम ने उन रोगियों के बारे में सूचना दी है जो अपने घर पर उपचार करा सकते हैं किंतु वह अस्पताल में रह रहे हैं।
इससे गंभीर रोगियों को उपचार मिलने में कठिनाईं हो रही है। येदियुरप्पा ने कहा कि डॉक्टरों की छुट्टी की सलाह के बावजूद अस्पताल में 503 रोगी हैं। उनके अनुसार, ऐसे रोगियों से कहा जाना चाहिये कि उनका उपचार हो चुका है और उन्हें घर जाना चाहिये और गंभीर प्रकृति वाले मरीजों के भर्ती होने का रास्ता साफ करना चाहिये।


Download Android App
Download iOS App



