कोविड-19 रोधी टीकों की कमी के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को फैसला किया कि वह 18-44 आयुवर्ग के लोगों के लिये आई कोवैक्सीन की तीन लाख शीशी 45 और उससे ज्यादा आयुवर्ग के लोगों के इस्तेमाल के लिये देगी। संवाददाताओं से बात करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने यह भी कहा कि राज्य में 45 साल से ज्यादा उम्र के पांच लाख से ज्यादा लोग टीके की दूसरी खुराक का इंतजार कर रहे हैं।
टोपे ने कहा, “अगर तय समय में दूसरी खुराक न लगाई जाए तो टीके के प्रभाव पर व्यापक असर पड़ता है। ऐसे स्वास्थ्य संकट से बचने के लिये प्रदेश सरकार ने 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों के लिये खरीदी गई कोवैक्सीन की तीन लाख शीशियों को 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिये देने का फैसला किया है।” उन्होंने कहा कि राज्य के पास 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को दूसरी खुराक देने के लिये कोवैक्सीन की सिर्फ 35000 शीशी उपलब्ध हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र में 31 मार्च के बाद सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सबसे कम 37,236 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 51,38,973 हो गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इसी अवधि में 549 रोगियों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 76,398 तक पहुंच गई है। विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र में 31 मार्च को 39,544 नए मामले सामने आए थे।
दूसरी तरफ महाराष्ट्र में सोमवार को 61,607 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई, जिसके बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 44,69,425 हो गई है। राज्य में फिलहाल 5,90,818 मरीज उपचाराधीन हैं। इस बीच, गुजरात में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 11,592 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 6,92,604 हो गई। वहीं, इसी अवधि में 117 रोगियों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 8,511 तक पहुंच गई है।


Download Android App
Download iOS App



