गुजरात के बाद मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक स्पोर्ट्स स्टेडियम का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है। स्टेडियम को 130 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम और सतना सांसद (भाजपा) गणेश सिंह ने शनिवार को नरेंद्र दामोदर दास मोदी स्टेडियम का उद्घाटन किया, जिसके बाद वहां खेल गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। स्टेडियम का निर्माण पावर ग्रिड कॉपोर्रेशन सतना द्वारा किया गया है। गणेश सिंह ने कहा कि स्टेडियम का नाम मोदी के नाम पर रखा गया है, क्योंकि उनकी सरकार (भाजपा की सरकार) खेलों को बढ़ावा देने के लिए काफी काम कर रही है। सिंह ने कहा, पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया और उन्हें प्रोत्साहित किया। इसलिए हमने इसका नाम उनके (मोदी) नाम रखने का फैसला किया।
यह मिनी स्टेडियम रीवा-सतना मार्ग पर स्थित है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि रहे गिरीश गौतम ने कहा कि मिनी स्टेडियम युवा प्रतिभाओं को खेलों में करियर बनाने में मदद करेगा। गिरीश गौतम ने कहा, गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें खेलों में अपने कौशल को विकसित करने के लिए बेहतर अवसरों की जरूरत है। बता दें कि गुजरात के मोटेरा स्टेडियम का नाम 2021 में मोदी के नाम पर रखा गया था।


Download Android App
Download iOS App



