अमित शाह ने किया CM चन्नी पर जोरदार हमला, बोले- जो PM को सुरक्षित मार्ग नहीं दे सका, वो राज्य को…….

Summary :

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लुधियाना में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चन्नी साहब पंजाब में फिर से सरकार बनाने का ख्वाब देख रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह  ने लुधियाना में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चन्नी साहब पंजाब में फिर से सरकार बनाने का ख्वाब देख रहे हैं। शाह ने कहा कि जो आदमी देश के प्रधानमंत्री  का रूट सुरक्षित नहीं रख सकता, वो पंजाब को सुरक्षित नहीं रख सकता है।  चन्नी जी आपको एक सेकंड भी यहां पर शासन करने का अधिकार नहीं है।’ अमित शाह ने कहा कि आज पंजाब के चुनाव में यह मेरी पहली रैली है। जब मैं गुजरात में काम करता था उस समय भी पंजाब के वीरों के बारे में सुन कर छाती गदगद हो जाती थी। शाह ने राज्य के स्वाभिमान को हवा देते हुए कहा कि पंजाब हिन्दुस्तान का जिगर है, पंजाब के बिना देश का सम्मान नहीं है। जब देश में भूख थी तो पंजाब ने देश का पेट भरने का काम किया।’
पंजाब देश का सीमांत राज्य है इसलिए सुरक्षा पर बात करना चाहता हूंः शााह
लुधियाना के स्थानीय साइकिल उद्योग की चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि आप हमारे तीनों घटक दलों को जिताने का काम कीजिए। हम लुधियाना की साइकल को सारी दुनिया में घुमाने का काम करेंगे। शाह ने कहा कि NDA का घोषणा पत्र पंजाब के सामने है। मैं तीन ही मुद्दों पर ज्यादा बात करना चाहता हूं। शाह ने कहा कि ‘पंजाब देश का सीमांत राज्य है इसलिए सुरक्षा पर बात करना चाहता हूं, नशे पर बात करना चाहता हूं और किसानों की समस्या में क्रॉप पैटर्न चेंजिंग की बात करना चाहता हूं।’
शाह ने रैली में मौजूद लोगों से पूछा कि चन्नी के नेतृत्व में पंजाब सुरक्षित हो सकता है क्या? दूसरी तरफ केजरीवाल हैं। अगर इनकी सरकार आई तो फिर से अपराधियों को बढ़ाने का काम करेंगे। पहले जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो पकिस्तान से आतंकी आते थे और हमारे सैनिकों का सर काट कर ले जाते थे। हमारी सरकार आई तो जब पकिस्तान ने हमला किया तो हमने पाकिस्तान के घर में घुस कर हमला किया। आज सुरक्षा बलों में पंजाब के हर एक परिवार का सदस्य है। इनकी एक ही मांग थी-वन रैंक वन पेंशन। हमने इनकी मांग को पूरा किया। हमने डिफेन्स के लिए बजट बढ़ाने का कम किया है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में ड्रग्स के खिलाफ एक बहुत बड़ा अभियान चलायाःशाह
अमित शाह ने कहा कि हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में ड्रग्स के खिलाफ एक बहुत बड़ा अभियान चलाया है। भारत सरकार ने 2020 और 2021 में इतनी ड्रग्स पकड़ी है, जितनी पिछले 10 साल में भी नहीं पकड़ी गई। पंजाब में ऐसी सरकार चाहिए जो ड्रग्स को पकड़ने में मोदी सरकार को सहयोग करे। यहां NDA की सरकार बना दीजिये, हम पांच साल में पंजाब से ड्रग साफ कर देंगे। अमित शाह ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते है कि अगर उनकी सरकार आई तो पंजाब में ड्रग को खत्म कर देंगे। मैं उन्हें कहना चाहता हूं की दिल्ली को शराब में डुबोने के बाद आप पंजाब को ड्रग मुक्त करवाना चाहते हैं।
हमने करतारपुर कॉरिडोर खोलने का काम किया
अमित शाह ने कृषि के बारे में कहा कि यहां की जमीन को धीरे-धीरे जहर उगलने वाली जमीन बना दिया गया है। आप NDA की सरकार बनाइए, हम यहां पांच साल में क्रॉप पैटर्न चेंजिंग लागू करने का काम करेंगे। हमने अपने मेनिफेस्टो में कहा है की हर किसान का 50 हजार तक का कर्ज माफ़ करेंगे। शाह ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर पर कई सालों से बात होती थी। हमने तय किया और कुछ दिनों में ही हमने करतारपुर कॉरिडोर खोलने का काम किया।
कांग्रेस पर सिख विरोधी दंगों के लिए हमला बोलते हुए शाह 
उन्होने कहा कि सिख दंगे कोई नहीं भूल सकता। चन्नी जरा इसका हिसाब देना। कांग्रेस वालों आपने पाप किया था. आपने दिल्ली के अंदर सिखों की हत्या करके पाप किया था। जिन्होंने यह पाप किया था, उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम हमारे पीएम मोदी ने किया। शाह ने कहा कि अफगानिस्तान में जब तालिबान का राज आया तो हमें लगा कि वहां गुरु ग्रन्थ साहेब का सम्मान नहीं होगा। हमने तीन गुरु ग्रन्थ साहेब को वापस अपने देश में लाने का काम किया।

Desk Team