कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 6-7 सालों में जो किया है उससे आज एक कमजोर, विभाजित भारत दिखाई देता है। कांग्रेस नेता के इस बयान पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलवार किया है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा, राहुल गांधी को इतना बड़ा झूठ बोलते हुए शर्म नहीं आई? कांग्रेस झूठ की बुनियाद पर टिकी हुई है, देश को अगर किसी ने कमजोर किया है तो वो कांग्रेस पार्टी ही है। देश के विभाजन का पाप भी कांग्रेस के माथे पर है।
दरअसल, तमिलनाडु में अपने प्रचार के तीसरे दिन सोमवार को करूर में बोलते हुए राहुल ने कहा कि ऐसा भारत दिखाई देता है जहां बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा देशभर में नफरत फैलाती रहती हैं, हमारी सबसे बड़ी ताकत, हमारी अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारे युवा अब नौकरी पाने में सक्षम नहीं हैं और यह उनकी गलती नहीं है। यह हमारे प्रधानमंत्री द्वारा किए गए कार्यों का दोष है।
PM की वजह से देश हो गया एक कमजोर और विभाजित भारत, अर्थव्यवस्था हुई ध्वस्त : राहुल गांधी
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री तीन नए कानून लाए हैं जो भारतीय कृषि को बर्बाद कर देंगे और कृषि को दो-तीन बड़े उद्योगपतियों के हाथ में सौंप देंगे। एक कानून साफ-साफ कहता है कि किसान अपनी रक्षा करने के लिए कोर्ट नहीं जा सकते हैं।
इससे पहले राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाए कि चीन के सैनिकों ने भारतीय क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया है और ‘‘56 ईंच सीना’’ रखने वाले व्यक्ति पड़ोसी देश का नाम तक नहीं ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी महज पांच या छह उद्यमियों के लिए देश का शासन चला रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



