मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की और कोविड-19 के गंभीर मरीज़ों के उपचार के लिये ऑक्सीजन की आपूर्ति पर रोक नहीं लगाने का आग्रह किया। चौहान ने बृहस्पतिवार को यहां कहा, ‘‘आज मैंने कोरोना वायरस संक्रमण की पूरी समीक्षा की है।
ऑक्सीजन की कमी का विषय महत्वपूर्ण था जो मुझे चिंतित कर रहा था। आज मैंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जी से भी बात की और उनसे आग्रह किया है कि ऐसे संकट के समय में ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं रोकनी चाहिये।’’
चौहान ने कहा, ‘‘ उन्होंने (ठाकरे) मुझसे कहा कि मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण दिक्कत उनको भी है, लेकिन वह यथा संभव प्रयास करेंगे कि मध्यप्रदेश के अस्पतालों को होने वाली ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित नहीं हो।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ लेकिन हमने वैकल्पिक व्यवस्था भी की है।
प्रारंभ में मध्यप्रदेश में ऑक्सीजन की उपलब्धता केवल 50 टन थी जो अब बढ़ाकर हमने 120 टन कर दी है और 30 सितम्बर तक हम 150 टन ऑक्सीजन की व्यवस्था कर लेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्थापित छोटे छोटे संयंत्र अपनी क्षमता का 50-60 प्रतिशत ही ऑक्सीजन बना पा रहे हैं।
हमने उन्हें पूरी क्षमता से संयंत्र चलाने का आग्रह किया है ताकि ऑक्सीजन की उपलब्धता में और वृद्धि हो सके। चौहान ने कहा, ‘‘फिलहाल हमने सारी व्यवस्था कर ली है और मैं प्रदेश की जनता को आश्वस्त करता हूं कि कोविड-19 के मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं रहेगी।
दीर्घकालिक योजना के तहत हमने आईनाक्स कंपनी को होशंगाबाद के बाबई के पास मुहासा में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। अगले छह माह में 200 टन ऑक्सीजन बनाने की क्षमता वाला यह संयंत्र लगा दिया जायेगा।’’


Download Android App
Download iOS App



