मध्य प्रदेश के नीमच जिले में बीते दिन दो गुटों में झड़प हो गयी। जिले के पुरानी कचहरी इलाके में दरगाह के पास भगवान हनुमान की प्रतिमा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दोनों गुटों के एक-दूसरे पर पथराव किया। स्थिति को काबू करने के लिए इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुरानी कचहरी इलाके में करीब पांच हजार वर्ग फीट जमीन पर दरगाह है। बताया जाता है कि ये जमीन सरकारी है। सोमवार शाम करीब 5 बजे इसी जमीन से लगी जमीन पर कुछ लोग हनुमानजी की मूर्ति स्थापित करना चाहते थे। इस पर दरगाह में मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई। दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई।
रात करीब 8 बजे के बाद विवाद बढ़ गया। दोनों समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। इतना ही नहीं उपद्रवियों ने एक बाइक को भी आग लगा दी। झड़प की खबर पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है।
हनुमान जी मूर्ति स्थापना को लकर बवाल
नीमच एसपी सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि यहां एक दरगाह है। वहां कुछ लोगों ने हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना कर दी। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ है। इसमें दो तीन बाइकों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, विवाद में कोई भी घायल नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि जहां विवाद हुआ, वहां हिंदू मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग रहते हैं. विवाद के वक्त भीड़ हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद पुलिस ने गलियों में पेट्रोलिंग की और लोगों से घरों में रहने के लिए कहा गया है। इतना ही नहीं लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने के लिए भी कहा गया है। उन्होंने बताया कि जो लोग अफवाह फैला रहे हैं, उनकी पहचान की जा रही है, उन पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक विवाद को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।


Download Android App
Download iOS App



