उत्तर प्रदेश में हाथरस प्रकरण को लेकर पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां लिली टॉकीज चौराहे के पास प्रदर्शन करके उत्तरप्रदेश की भाजपा नीत योगी आदित्यनाथ सरकार का पुतला फूंका।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के स्थानीय विधायक आरिफ मसूद ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। वहां पर एक दलित बेटी के साथ बलात्कार होता है और जब हमारे नेता राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी वाद्रा पीड़ित परिवार से मिलने जाते हैं तो उन्हें रोका जाता है।’’
मसूद ने आरोप लगाया कि इस दौरान राहुल गांधी को धक्का दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा करके उत्तरप्रदेश सरकार ने हद पार कर दी है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी वजह से हमने आज यहां योगी सरकार का पुतला फूंका है। अब समय आ गया है कि पूरे देश को यह सुनिश्चित करने के लिए साथ खड़ा होना चाहिए कि दलितों की आवाज को दबाया न जाए।’’
गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को पुलिस ने बृहस्पतिवार को सामूहिक बलात्कार की पीड़िता के परिवार से मुलाकात के लिए हाथरस जाने से रोक दिया और हिरासत में ले लिया।


Download Android App
Download iOS App



