महाराष्ट्र के अमरावती जिले में आज सुबह एक मकान ढहने से एक महिला और उसकी सात साल की बेटी की मौत हो गई और परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।घटना नागपुर से करीब 150 किलोमीटर दूर सुबह छह बजे के आसपास जिले के चंदूर बाजार तालुका के फुबगांव गांव में हुई। अमरावती में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है।
मकान के अंदर परिवार के पांच सदस्य थे
अमरावती के जिलाधिकारी आशीष बिजवाल ने फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना के वक्त मकान के अंदर परिवार के पांच सदस्य थे और वे मलबे में दब गए। उन्होंने कहा कि उनके पड़ोसी और कुछ अन्य लोग घायल हुए परिवार के तीन सदस्यों को मलबे से निकालने में सफल रहे।
तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
अधिकारी ने कहा कि 35 वर्षीय महिला और उसकी सात साल की बेटी को मलबे से जल्द से बाहर नहीं निकाला जा सका, जिससे दोनों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।अधिकारी ने कहा कि यह एक पुराना मकान था और क्षेत्र में भारी बारिश के कारण इसके ढहने की आशंका थी।


Download Android App
Download iOS App



