शिवसेना के बागी विधायक और पूर्व मंत्री उदय सामंत की कार पर पिछले दिनों हमला हुआ था, जिसके बाद अब पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को अरेस्ट किया हैं। उदय सामंत की कार पर कथित हमले के सिलसिले में पार्टी की पुणे शहर इकाई के अध्यक्ष और चार अन्य को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। शहर के कटराज इलाके में मंगलवार रात करीब नौ बजे एक सिग्नल पर अज्ञात लोगों ने सामंत की कार पर हमला किया था।
बता दें, सामंत के वाहन को घेरने की कोशिश कर रही भीड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया था, जिसमें लोग नारेबाजी भी करते नजर आ रहे हैं। मंगलवार देर रात भारती विद्यापीठ पुलिस थाने में हत्या के प्रयास सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत 15 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बागी विधायक के एक करीबी सूत्र ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समर्थन करने वाले शिवसेना के 40 विधायकों में से एक सामंत यहां जिले में शिंदे के कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे।
15 से अधिक लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला
वही, सहायक पुलिस आयुक्त (स्वारगेट संभाग) सुषमा चव्हाण ने कहा, “शिवसेना की शहर इकाई के अध्यक्ष संजय मोरे सामंत की कार पर हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में शामिल हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘हमने 15 से अधिक लोगों के खिलाफ भादंसं की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) और दंगे से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।’’
सामंत के करीबी सहयोगी ने कहा था कि घटना में कार का एक शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें पूर्व मंत्री यात्रा कर रहे थे। जिस समय यह घटना हुई, उसी समय के आसपास शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे की जनसभा समीपवर्ती इलाके में हुई थी। सामंत ने बाद में संवाददाताओं से कहा था कि उनकी कार पर हमला पूर्व नियोजित था।


Download Android App
Download iOS App



