महाराष्ट्र: सीएम ठाकरे की राजनीतिक दलों को हिदायत, बोले- ऐसा करने से फिलहाल बचें

Summary :

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर, राजनीतिक दलों को जनसभाएं नहीं करनी चाहिए।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है और यह लगातार बढ़ ही रहा है। तो वहीं, कुछ दिनों में प्रदेश में गणेश उत्सव है, ऐसे में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एक बयान जारी किया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर, राजनीतिक दलों को जनसभाएं नहीं करनी चाहिए। ठाकरे ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से, जिले में कल्याण डोम्बिवली नगरपालिका की परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इस कार्यक्रम में दिल्ली से केंद्र सरकार में राज्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता कपिल पाटिल भी डिजिटल माध्यम से शामिल हुए। कल्याण के कुछ हिस्से उनकी लोकसभा सीट भिवंडी में आते हैं। ठाकरे ने कहा, “शिवसेना समेत राजनीतिक दलों को कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए जनसभाएं नहीं करनी चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें अनुशासन का पालन कर लोगों के समक्ष उदाहरण पेश करना चाहिए।” महाराष्ट्र में मंदिरों को फिर से खोलने के लिए भाजपा द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस समय वह “धार्मिक मंदिर खोलने की बजाय आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य केंद्र)” खोलने को महत्व देंगे। उन्होंने कहा, “मंदिरों को चरणबद्ध तरीके से खोला जा सकता है।”

Desk Team