महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि यदि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ‘‘मुंबई पुलिस का अपमान करने वाले’’ बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे को टिकट देती है तो यह बहुत तकलीफदेह होगा, खासकर तब जबकि राज्य में भाजपा के चुनाव प्रभारी महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं।
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने ट्विटर पर लिखा कि फडणवीस यदि पांडे की उम्मीदवारी का विरोध नहीं करेंगे तो महाराष्ट्र की जनता उनसे कई सवाल पूछेगी। बिहार में तीन चरणों, 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवबंर को, मतदान होगा। बिहार चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी फडणवीस हैं। बिहार के सत्तारूढ़ गठबंधन में भाजपा और जदयू सहयोगी हैं।
गौरतलब है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में जांच को लेकर महाराष्ट्र तथा बिहार के बीच चली रस्साकशी के दौरान पांडे सुर्खियों में आए थे। बिहार के पूर्व महानिदेशक (डीजीपी) गुप्तेश्वर पांडेय ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर नीतीश कुमार की पार्टी सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
पार्टी के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पार्टी के सांसद ललन सिंह और बिहार के मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद थे। जदयू की सदस्यता ग्रहण करने और राजनीतिक पारी की शुरुआत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में पांडेय ने कहा कि राजनीति को वे ज्यादा नहीं जानते। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार हमारे नेता हैं, उनके और पार्टी की तरफ से जो आदेश मिलेगा उसका पालन करेंगे।”
बक्सर से चुनाव लड़ने के संबध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “पार्टी जो भी हमसे कहेगी वह करूंगा। अगर चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो चुनाव लड़ूंगा।” पूर्व डीजीपी ने आगे कहा, “मुझे अभी पता भी नहीं है कि राजनीति क्या होती है। जो भी हमारे नेता का आदेश होगा, उसका पालन होगा।”


Download Android App
Download iOS App



