महाराष्ट्र कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से अपने इस्तीफे की पेशकश वापस लेने की अपील करते हुए पार्टी की वैचारिक लड़ाई का नेतृत्व करते रहने की अपील की। एक बैठक में यहां सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित हुआ जिसके जरिए पार्टी की राज्य इकाई ने गांधी से अपील की।
यह प्रस्ताव महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अशोक चव्हाण और पार्टी के मुंबई इकाई के प्रमुख मिलिंद देवड़ा ने पेश किया। दोनों को ही हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में क्रमश: नांदेड़ और मुंबई दक्षिण से हार का सामना करना पड़ा था। इस प्रस्ताव में राज्य में कांग्रेस की करारी हार की जिम्मेदारी प्रदेश नेतृत्व द्वारा लेने की मांग की गई।
राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से सिर्फ एक सीट पर ही कांग्रेस जीत पाई। पिछले सप्ताह दिल्ली में कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी।
हालांकि पार्टी से जुड़े फैसले लेने वाली इस शीर्ष इकाई ने सर्वसम्मति से उनका इस्तीफा खारिज कर दिया और उनसे पार्टी अध्यक्ष बने रहने की अपील की। राज्य की इकाई एमपीसीसी ने प्रस्ताव में कहा कि लोकसभा का परिणाम स्तब्ध करने वाला और निराशाजनक था। पार्टी चुनाव में सिर्फ 52 लोकसभा सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई।


Download Android App
Download iOS App



