कोरोना वायरस महामारी के प्रसार को रोकने के लिए और संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिए महाराष्ट्र सरकार द्वारा लाइफ लाइन कहि जाने वाली लोकल ट्रेनों को आम जनता के लिए बंद कर रखा है। कोरोना की थमती रफ्तार को देखते हुए ट्रेनों को दुबारा चलने को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने गुरुवार को कहा कि अगर राज्य सरकार मुंबई की लोकल ट्रेन में आम लोगों को यात्रा करने की मंजूरी देने के संबंध में प्रस्ताव दे तो एक बार फिर इस सेवा को आम लोगों के लिए बहाल किया जा सकता है।
इस साल कोविड-19 महामारी की ख़तरनाक दूसरी लहर की वजह से अप्रैल में यहां उपनगरीय ट्रेन सेवा आम लोगों के लिये निलंबित कर दी गई थी। मौजूदा समय में सिर्फ़ सरकारी कर्मचारी और अनिवार्य सेवा मुहैया करा रहे लोग ही लोकल ट्रेन में यात्रा कर सकते हैं। दानवे ने नयी दिल्ली में एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बातचीत में कहा,‘‘मुंबई में आम लोगों को लोकल ट्रेन से यात्रा की अनुमति देने के प्रस्ताव को रेल मंत्रालय मंजूरी देगा। हालांकि, हमें राज्य सरकार से ऐसा कोई पत्राचार अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। रेल प्रशासन आम लोगों द्वारा इस सेवा का लाभ लेने के खिलाफ नहीं है।’’
कई यात्री संगठन आम लोगों के लिए यह सेवा बहाल करने की मांग कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) भी सरकार से टीके की दोनों खुराक लेने वाले यात्रियों को सफ़र करने देने की इजाजत दिये जाने की मांग कर चुके हैं। सरकार ने सोमवार की शाम प्रदेश के 25 ज़िलों में संक्रमण के मामलों में गिरावट के मद्देनजर कई तरह की राहत प्रदान करने की घोषणा की, लेकिन लोकल ट्रेन में आम लोगों को यात्रा करने देने के संबंध में कोई निर्णय नहीं किया।


Download Android App
Download iOS App



