देश अभी कोरोना वायरस की दूसरी लहर से उबरा नहीं है, ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही काफी गंभीर साबित हो सकती है। दूसरी तरफ, अगर देखें तो कोरोना वायरस को थामने का इकलौता हथियार वैक्सीन ही है, ऐसे में टीकाकरण की रफ्तार को तेज करना पड़ेगा, ताकि देश जल्द ही कोरोना वायरस संक्रमण से छुटकारा पा सकें।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार को कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए राज्य की पूरी पात्र आबादी का जल्द से जल्द टीकाकरण करने के लिए प्रति माह कोविड रोधी टीके की कम से कम तीन करोड़ खुराक की जरूरत होगी। टोपे ने कहा कि राज्य की प्रतिदिन 15 लाख लोगों के टीकाकरण की क्षमता है लेकिन ‘टीकों की कमी के कारण’ अभी एक दिन में केवल दो या तीन लाख लोगों को ही टीका लग पा रहा है।
मंत्री ने कहा, ‘‘तीन दिन पहले, हमें टीके की सात लाख खुराक मिलीं। आज दिन खत्म होने के साथ ही यह खेप भी खत्म हो जाएगी। अब तक हमें टीके की 3.60 करोड़ से अधिक खुराक मिली हैं जिनमें से करीब 25 लाख खुराक की राज्य सरकार ने सीधी खरीद की है।’’
सरकार के तरफ से आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक रविवार तक राज्य में टीके की कुल 3,65,25,990 खुराक की खपत हुई। राज्य में टीकों के अभाव के बारे में एक सवाल के जवाब में टोपे ने कहा, ‘‘हम अपनी क्षमता से कम काम कर पा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि टीकों की ठीक तरह से आपूर्ति होती है तो पूरी पात्र आबादी के टीकाकरण का लक्ष्य जल्द से जल्द प्राप्त किया जा सकेगा।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रविवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 8,535 नए मामले सामने आने के साथ राज्य में संक्रमण के कुल मामले 61,57,799 पर पहुंच गए, वहीं 156 संक्रमितों की मौत होने से मृतक संख्या 1,25,878 पर पहुंच गई।


Download Android App
Download iOS App



