शिवसेना से लोकसभा सदस्य संजय जाधव ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने परभणी जिले के जिन्तूर में एक विपणन समिति से संबंधित नियुक्ति के मुद्दे पर विचार करने का आश्वासन दिया है। जाधव परभणी के जिन्तूर से सांसद हैं।
उन्होंने कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) के गैर आधिकारिक प्रशासनिक बोर्ड में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को दिए गए प्रतिनिधित्व का विरोध करते हुए संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। जाधव ने 25 अगस्त को लिखा अपना पत्र शिवसेना अध्यक्ष ठाकरे को भेजा था।
उन्होंने मुंबई में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की थी। जाधव ने कहा कि ठाकरे ने जिन्तूर बाजार समिति से संबंधित मुद्दे को सुना और उस पर विचार करने का आश्वासन दिया। जाधव ने कहा, “इस्तीफा इसलिए दिया था ताकि मेरी पार्टी मेरी बात सुने।”
उन्होंने कहा, “मैंने मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखी और उन्होंने मुझसे उस पर विचार करने का वादा किया है। मैं बातचीत से संतुष्ट हूं।” जाधव ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में गैर राजनीतिक मुद्दे और परभणी जिले से संबंधित मांगों पर चर्चा की गई।


Download Android App
Download iOS App



