मुंबई : राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र के मतदाताओं ने यह संदेश दिया है कि राज्य के लोग भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सामने नहीं झुकेंगे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 42 सीटें जीती हैं और 11 पर आगे चल रही है। उसकी साथी कांग्रेस ने 31 सीटें जीती हैं और 15 पर आगे चल रही है। सत्ताधारी भाजपा और शिवसेना 160 से अधिक सीटों पर या तो जीत दर्ज कर चुकी हैं या आगे हैं।
सुले ने मराठी में ट्वीट कर कहा, “हम उन सभी मतदाताओं का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने हम पर भरोसा जताया और कांग्रेस-राकांपा महागठबंधन के प्रत्याशियों को भारी अंतर से चुना। महागठबंधन के विधायक लोगों की समस्याओं को विधानसभा में उठाएंगे और उन्हें न्याय दिलाना सुनिश्चित करेंगे।”
उन्होंने कहा, “इन चुनावों का संदेश यह है कि महाराष्ट्र दिल्ली के सामने नहीं झुकेगा। यह महाराष्ट्र की स्वाभिमानी जनता की जीत है।” चुनाव के परिणाम आते ही पार्टी कार्यालय के बाहर राकांपा के कार्यकर्ता उत्सव मनाने लगे।
यद्यपि सत्ताधारी भगवा गठबंधन की सरकार फिर से बनने के आसार स्पष्ट नजर आ रहे हैं फिर भी राकांपा का प्रदर्शन अपेक्षा से बेहतर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



