सीएए के विरोध का करती हूं समर्थन, लेकिन उसके खिलाफ बंद का नहीं : ममता

Summary :

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह संशोधित नागरिकता कानून, 2019 के खिलाफ प्रदर्शन का समर्थन करती हैं लेकिन वह इस सिलसिले में बुलाए गए किसी भी बंद की हिमायत नहीं करेंगी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह संशोधित नागरिकता कानून, 2019 के खिलाफ प्रदर्शन का समर्थन करती हैं लेकिन वह इस सिलसिले में बुलाए गए किसी भी बंद की हिमायत नहीं करेंगी। वामपंथी दलों ने 26 दिसंबर, 2019 को घोषणा की थी कि वे एक जनवरी से सात दिन के लिए सीएए, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी और आठ जनवरी को देशव्यापी हड़ताल रखेंगी। 
दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप में प्रशासनिक बैठक के दौरान बनर्जी ने कहा कि वह सीएए, एनपीआर और एनसीआर के खिलाफ आंदोलन का समर्थन करती हैं लेकिन बंद का साथ नहीं देंगी क्योंकि इससे जनता को परेशानी होती है और राजस्व का नुकसान होता है। वामपंथी दलों ने सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रही सभी पार्टियों से बंद का समर्थन करने को कहा है। ममता बनर्जी ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि वे आठ जनवरी को हालात सामान्य रखने के लिए समुचित कदम उठाएं। 

Desk Team