पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूबीटीसी) ने लॉकडाउन के चौथे चरण में अधिक सरकारी एवं निजी कार्यालयों के खुलने के मद्देनजर बुधवार से बस सेवाएं बढ़ा दी हैं। कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन का चौथा चरण 18 मई से शुरू हुआ। डब्ल्यूबीटीसी ने प्रबंधक निदेशक की ओर से जारी एक अधिसूचना के अनुसार वातानुकूलित सहित बाकी बसें शहर सहित उपनगर और जिलों में सुबह सात बजे से शाम सात बजे के बीच 40 मार्गों पर चलेंगी।
डब्ल्यूबीटीसी ने कहा कि बसों में यात्रियों की संख्या बस के आकार, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मापदंडों पर निर्भर करती है। परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम (एसबीटीसी) और उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम ने भी विभिन्न मार्गों पर सेवाएं बहाल कर दी हैं।
डब्ल्यूबीटीसी इससे पहले लॉकडाउन के दौरान आपात सेवाओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों की मदद के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर थोड़ी बहुत बसें चला रही थी। अधिकारियों ने बताया कि कम कर्मचारियों के साथ अब कार्यालय फिर से खुल रहे हैं इसलिए शहर में अब 15 मार्गों पर बस सेवाएं बढ़ाई गई हैं।
कोलकाता और उसके उपनगर के कई इलाकों में ऑटो रिक्शा भी सड़कों पर नजर आए। सरकार के ऑटो रिक्शा में केवल दो लोगों को ही बैठाने और सामाजिक दूरी के नियम के कारण कई ऑटो वाले कथित तौर पर दोगुने पैसे ले रहे हैं। वहीं पश्चिम बंगाल सरकार के किराया बढ़ाने की मांग स्वीकार ना करने की वजह से निजी बस संचालकों ने अभी तक अपनी सेवाएं बहाल नहीं की है।


Download Android App
Download iOS App



