पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रैली को संबोधित किया। रैली के दौरान ममता ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। ममता ने कहा कि हम लोग किसी के आगे झुकने वाले नहीं हैं, हमनें सिंगूर कमीशन की तरह 21 जुलाई की घटना के लिए भी कमीशन बनाया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ये हमारे खिलाफ एक साजिश थी। उन्होंने कहा कि हम शहीदों को राज्य सरकार की ओर से 2 लाख रुपये देंगे। ममता ने कहा कि देश में इस समय इमरजेंसी से भी बुरा माहौल है, नागरिक के अधिकारों को छीना जा रहा है। असली हिंदू भी नकली हिंदू के कारण परेशानी झेल रहे हैं। TMC इन ताकतों के खिलाफ लड़ रही है, और बीजेपी एक भ्रष्ट पार्टी है।
ईडी और सीबीआई का उपयोग यूपी या गुजरात सरकार के खिलाफ नहीं किया जाता है। ममता ने कहा कि हमें किसी के सर्टिफिकेट की जरुरत नहीं है कि हम अच्छे लोग हैं या बुरे लोग। 2019 में हम देखेंगे की क्या होगा, हम देश की सबसे स्वच्छ पार्टी हैं। हमनें नोटबंदी के खिलाफ भी आवाज उठाई है, जीएसटी के खिलाफ भी आवाज उठाई और हमें उसके बदले सीबीआई और ईडी मिला।
उन्होंने कहा कि गाय के नाम पर गोरक्षक गोभक्षक बन रहे हैं, क्या अब वे लोग फैसला करेंगे कि हमें क्या खाना है। ममता ने कहा कि अगर गर्भवती महिला अंडा नहीं खाएगी तो क्या तुम्हारा सिर खाएगी या तुम्हारा भाषण खाएगी। बीजेपी के लिए 2019 में बंगाल जीतना इतना आसान नहीं होगा।
हम 9 अगस्त से बीजेपी भारत छोड़ो आंदोलन चलाएंगे, अब समय आ गया है कि वे लोग देश को छोड़े हम खुद अपने राज्य और देश को चला लेंगे, 5 सितंबर को इस आंदोलन को हम हर स्कूल-कॉलेज में ले जाएंगे। ममता बोलीं कि नोटबंदी अपने आप में एक घोटाला था, पुराने नोट कुछ जेबों में चले गए, नकली नोटों का सिर्फ एक बहाना बनाया गया था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की जीडीपी को आगे बढ़ाने में फेल रही है।
देश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं, इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा। शारदा घोटाला लेफ्ट सरकार के दौरान हुआ था, तो हमारी जांच क्यों हो रही है। मोदी सरकार एक फेल सरकार है। मैं आप सभी से अपील करती हूं कि आप इन घटनाओं से ना घबराएं, बीजेपी वाले हमें तोड़ना चाहते हैं। 2019 के चुनाव में बीजेपी को बंगाल में एक भी सीट नहीं मिलेगी।
ममता ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में हमें बहुत सी विपक्षी पार्टियों का सपोर्ट मिला, उम्मीद है कि उप-राष्ट्रपति चुनाव में भी हमें अधिक समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई का दिन हमें प्रेरणा देता है, 1993 के बाद अब 24 साल हो गए हैं, हमें आगे बढ़ना चाहिए। ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के सभी पड़ोसियों राज्यों से संबंध बिगाड़ लिए हैं।
अब भूटान, नेपाल, बांग्लादेश और सिक्किम भी चीन की ओर जा रहे हैं। मोदी सरकार कालिदास की तरह है, जिस डाली पर बैठी है उसी को काट रही है। उन्होंने कहा कि वो विदेश घूम रहे हैं और देश को बेच रहे हैं। हम इस सरकार के खिलाफ लड़ेंगे।


Download Android App
Download iOS App





